विधायक सतीश फागना ने विधानसभा में उठाई क्षेत्र की आवाज; शहीदों के सम्मान और बुनियादी सुधारों की मांग

हरियाणा विधानसभा सत्र के दौरान फरीदाबाद की एन आई टी 86 विधानसभा सीट से भाजपा विधायक सतीश फागना ने अपने क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को सदन के पटल पर रखा। विधायक ने एक ओर जहां क्षेत्र में हो रहे अभूतपूर्व विकास कार्यों के लिए मुख्यमंत्री और सरकार का आभार जताया, वहीं दूसरी ओर बुनियादी सुविधाओं और सुरक्षा से जुड़ी कई अहम मांगें भी रखीं।
विधायक ने 16 फरवरी को कालका स्टील अग्निकांड में शहीद हुए दमकलकर्मी भावी चंद शर्मा और पुलिसकर्मी रणवीर सिंह की शहादत को नमन किया। उन्होंने सरकार से उनके परिजनों को आर्थिक सहायता प्रदान करने, परिवार के एक सदस्य को सरकारी नौकरी देने और हादसे में घायल हुए लोगों के मुफ्त इलाज की पुरजोर मांग की।
फरीदाबाद-गुड़गांव रोड पर मांगर, डेरा (फतेहपुर) और पाली क्रेशर जोन चौक पर लगने वाले भारी जाम की समस्या को उठाते हुए विधायक ने वहां फ्लाईओवर निर्माण की आवश्यकता पर बल दिया।
इस मार्ग पर अक्सर होने वाली दुर्घटनाओं और वन्यजीवों (तेंदुए, नीलगाय आदि) की सुरक्षा के लिए उन्होंने सड़क के दोनों ओर जंगल क्षेत्र में जाली (फेंसिंग) लगवाने का अनुरोध किया।
फरीदाबाद सिविल अस्पताल में खराब पड़ी डिजिटल रेडियोग्राफी सिस्टम (सैमसंग मशीन) का मुद्दा उठाते हुए विधायक ने इसे तुरंत ठीक कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि मशीन खराब होने के कारण गरीब मरीजों को निजी अस्पतालों में भटकना पड़ रहा है, जिससे उन पर आर्थिक बोझ बढ़ रहा है।
विधायक फागना ने क्षेत्र के सभी वार्डों और गांवों में सीवर, सड़क, पानी और सामुदायिक भवनों के कार्यों के लिए सरकार का धन्यवाद किया। विशेष रूप से पानी की समस्या के स्थायी समाधान के लिए मंजूर की गई 120 करोड़ रुपये की डीपीआर के लिए उन्होंने मुख्यमंत्री का हृदय से आभार व्यक्त किया।
विधायक सतीश फागना ने सदन में प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा कि फरीदाबाद का चहुंमुखी विकास, जनता की सुरक्षा और उनकी सेवा ही उनका एकमात्र संकल्प है।

वॉइस आफ हरियाण हरेंद्र स्वामी

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *