फरीदाबाद के एसजीएम नगर इलाके में मोबाइल टावर लगाए जाने को लेकर स्थानीय निवासियों और प्रशासन के बीच तनाव बढ़ता जा रहा है। ई-ब्लॉक, गली नंबर 3 के निवासियों ने उपायुक्त और नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर रिहायशी इलाके में हो रहे टावर निर्माण को तुरंत रुकवाने की मांग की है।
स्कूल और हाई वोल्टेज लाइन के पास निर्माण पर आपत्ति जताई।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि गली नंबर 3, प्लॉट नंबर E-1744 पर इंडस टावर लिमिटेड द्वारा मोबाइल टावर का निर्माण किया जा रहा है। ग्रामीणों ने शिकायत में बताया है कि जिस जगह टावर लग रहा है, वहां से मात्र 40-50 मीटर की दूरी पर एक स्कूल है और पास से ही हाई वोल्टेज बिजली की लाइन भी गुजर रही है। निवासियों का कहना है कि टावर से निकलने वाले रेडिएशन से बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर कैंसर और अल्जाइमर जैसी बीमारियों का गंभीर खतरा मंडरा रहा है।
प्रार्थना पत्र के अनुसार, इस मामले में पहले भी शिकायतें दी जा चुकी हैं। 21 जनवरी और 6 फरवरी 2026 को दिए गए ज्ञापनों के बाद नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर जेसीबी से हो रही खुदाई रुकवा दी थी। हालांकि, ग्रामीणों का आरोप है कि निर्माण कार्य फिर से शुरू करने की कोशिशें की जा रही हैं।
रिहायशी क्षेत्र और स्कूल के पास टावर का निर्माण स्थायी रूप से रोका जाए।टावर को किसी गैर-रिहायशी या सुरक्षित स्थान पर स्थानांतरित किया जाए।
नियमों के उल्लंघन की जांच कर आवश्यक आदेश जारी किए जाएं।
निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे इस मामले को लेकर कोर्ट का दरवाजा खटखटाएंगे और बड़े स्तर पर विरोध प्रदर्शन करेंगे।












Leave a Reply