बीके अस्पताल के निक्कू वार्ड में 27 में से 15 वार्मर मशीनें खराब, नवजात शिशुओं की जान जोखिम में

शहर के प्रमुख बीके सिविल अस्पताल के निक्कू वार्ड से एक चिंताजनक खबर सामने आ रही है। अस्पताल के इस महत्वपूर्ण वार्ड में नवजात शिशुओं को सुरक्षित तापमान देने वाली कुल 27 वार्मर मशीनों में से 15 मशीनें लंबे समय से खराब पड़ी हुई हैं। केवल 12 मशीनों के भरोसे पूरे वार्ड का कामकाज चल रहा है, जिससे नवजात बच्चों के इलाज और उनकी सुरक्षा पर बड़ा सवाल खड़ा हो गया है।

सूत्रों के अनुसार, वार्ड के कर्मचारियों और संबंधित विभाग द्वारा इन खराब मशीनों की जानकारी कई बार उच्च अधिकारियों को लिखित और मौखिक रूप से दी जा चुकी है। इसके बावजूद, अब तक प्रशासन की ओर से इन मशीनों को ठीक कराने या नई मशीनें मंगवाने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। मशीनों के अभाव में वार्ड में आने वाले गंभीर शिशुओं को भर्ती करने में भी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।

इस पूरे मामले की गंभीरता को देखते हुए जब बाल रोग विशेषज्ञ डॉक्टर विकास गोयल से संपर्क करने का प्रयास किया गया, तो उनसे बात नहीं हो सकी। अस्पताल प्रशासन के इस ढुलमुल रवैये के कारण कर्मचारियों में भी भारी रोष है। डॉक्टर विकास गोयल से संपर्क होते ही इस संबंध में उनका पक्ष भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

स्वास्थ्य विभाग इस ओर ध्यान देकर मासूमों की जान से हो रहे इस खिलवाड़ को रोकने के लिए कोई त्वरित कार्रवाई करता है या नहीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *