वॉइस आफ हरियाणा, फरीदाबाद( हरेंद्र स्वामी )
इंदौर में दूषित पानी से 17 लोगों की मौत का मामला शांत नहीं हुआ था की तब तक एक नया मामला देखने को मिला।शहर में दूषित और कथित केमिकलयुक्त पानी का खतरा एक बार फिर उजागर हुआ है। सेक्टर-59 इंडस्ट्रियल एरिया में संदिग्ध जहरीला पानी पीने से करीब 10 बकरियों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना ने न केवल पशुपालकों बल्कि स्थानीय निवासियों में भी गहरा रोष पैदा कर दिया है।

जानकारी के अनुसार मंगलवार दोपहर प्लॉट नंबर-110 स्थित , ग्लोबल मेटल सॉल्यूशन कंपनी का खुले में दुषित पानी जमा था। पास में बकरियां चरा रहे पशुपालक का आरोप है कि प्यास लगने पर जानवरों ने वही पानी पी लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक पानी पीने के कुछ ही देर बाद पांच बकरे और पांच बकरियां एक-एक कर जमीन पर गिर पड़े। बताया जा रहा है कि मृत पशुओं के मुंह से झाग और खून निकल रहा था, जिससे पानी में किसी जहरीले तत्व की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-58 थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले में दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है तथा जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इंडस्ट्रियल एरिया में कई स्थानों पर केमिकलयुक्त पानी खुले में बहता देखा जा सकता है। उनका आरोप है कि यदि औद्योगिक अपशिष्ट का समुचित ट्रीटमेंट और निगरानी होती, तो ऐसी घटना नहीं होती। क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि जल के नमूनों की वैज्ञानिक जांच कराई जाए और दोषी पाए जाने पर संबंधित इकाई के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए।
गौरतलब है कि शहर में पहले भी दूषित पानी को लेकर गंभीर शिकायतें सामने आती रही हैं। विशेषज्ञों का मानना है कि बिना उपचारित औद्योगिक अपशिष्ट न केवल पशुओं बल्कि मानव स्वास्थ्य और भूजल के लिए भी गंभीर खतरा बन सकता है।
मामले की गहनता से जांच पड़ताल की जा रही है। इसके साथ ही दोषी कंपनी को नोटिस भी जारी किया गया है।
नीतिश परवाल ,एमओएच, नगर निगम फरीदाबाद
















Leave a Reply