हरियाणा की राजनीति में बुधवार को उस समय गहमागहमी बढ़ गई जब बल्लभगढ़ के वरिष्ठ कांग्रेस नेता मनोज अग्रवाल और महिला कांग्रेस की प्रदेश महासचिव प्रियंका अग्रवाल को पुलिस ने उनके निवास पर हाउस अरेस्ट (नजरबंद) कर दिया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हरियाणा कांग्रेस द्वारा आज चंडीगढ़ में विधानसभा के घेराव का आह्वान किया गया था। मनोज अग्रवाल और प्रियंका अग्रवाल अपने समर्थकों के साथ इस प्रदर्शन में शामिल होने के लिए चंडीगढ़ रवाना होने की तैयारी में थे। हालांकि, उनके निकलने से पहले ही पुलिस प्रशासन ने उन्हें रोक लिया।
कांग्रेस नेताओं को हिरासत में लेने के लिए बल्लभगढ़ के सेक्टर-02 स्थित उनके निवास पर भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। घर के बाहर बैरिकेडिंग कर दी गई है ताकि नेता और उनके समर्थक चंडीगढ़ की ओर कूच न कर सकें।
हाउस अरेस्ट किए जाने पर मनोज अग्रवाल और प्रियंका अग्रवाल ने रोष प्रकट करते हुए इसे ‘लोकतंत्र की हत्या’ करार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार विपक्ष की आवाज को दबाने के लिए पुलिस बल का दुरुपयोग कर रही है, लेकिन वे जनता के मुद्दों को उठाना जारी रखेंगे।
फिलहाल, सेक्टर-02 में स्थिति तनावपूर्ण लेकिन नियंत्रण में बनी हुई है और बड़ी संख्या में कांग्रेसी कार्यकर्ता वहां जुटना शुरू हो गए हैं।
वॉइस आफ हरियाण हरेंद्र स्वामी












Leave a Reply